Homeगैजेट्सपंजाब में है पेरिस जैसी जगह, एक दिन में घूमकर आ सकते...

पंजाब में है पेरिस जैसी जगह, एक दिन में घूमकर आ सकते हैं

बाहरी देशों के सुंदर शहरों को देखने के लिए अगर जेब अनुमति नहीं दे पा रही है तो देश में छुपी विदेशी जगहों जैसे शहरों की यात्रा करना बेहतर विकल्प हो सकता है। अगर स्विट्जरलैंड जैसी जगह घूमना है तो उत्तराखंड के औली की यात्रा पर जा सकते हैं, जिसे भारत का मिनी स्विट्जरलैंड कहा जाता है। पहाड़ों के अलग अगर समुद्री नजारों का आनंद लेने के लिए मालदीव जाना चाहते हैं तो भारत के मिनी मालदीव यानी अंडमान निकोबार द्वीप समूह की सैर पर जा सकते हैं।

वहीं अगर रोमांटिक फिल्मों में नजर आने वाले पेरिस शहर की खूबसूरती को पास से निहारना चाहते हैं तो भारत में भी एक ऐसी जगह है जो पेरिस दर्शन का आनंद दिला सकती है। पेरिस की सुंदर इमारतें, साफ सुथरी सड़के आपको आकर्षित करती हैं तो पंजाब की यात्रा करें। दरअसल पंजाब में पेरिस जैसा शहर है जो कि भारत का सबसे छोटा शहर भी माना जाता है। पंजाब के पेरिस नाम के इस शहर में भले ही एफिल टावर न हो लेकिन दृश्य शहर जैसे ही हैं। आइए जानते हैं पंजाब के पेरिस की सुंदरता के बारे  में।

देश का सबसे छोटा शहर

भारत के सबसे छोटे शहर का नाम कपूरथला है। आखिरी जनगणना के अनुसार, यहां की आबादी लगभग एक लाख से भी कम है।  कपूरथला पंजाब का एक शहर है,  जहां दशकों पहले शाही महल और राजघरानों का राज हुआ करता था। अब इन्हीं इमारतों के शाही अंदाज को देखने के लिए दूर  दराज से लोग आते हैं।

कपूरथला को क्यों कहते हैं पंजाब का पेरिस

इस शहर को पंजाब का पेरिस कहने का एक मुख्य कारण है, यहां की स्वच्छता। कपूरथला की साफ सफाई देखकर इसे पंजाब का पेरिस नाम  दिया गया था।

कपूरथला शहर का इतिहास और पर्यटन स्थल

इस शहर को नवाब कपूर के नाम से जाना जाता है, उन्हीं के नाम पर शहर को कपूरथला नाम दिया गया।

इस शहर में रेलवे की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री मौजूद है, जहां ट्रेन के डिब्बे तैयार किए जाते हैं। इसके अलावा शहर का जगतजीत पैलेस आकर्षण का केंद्र है। जगतजीत पैलेस में कभी महाराजा जगतजीत रहा करते थे। इस पैलेस को अब सैनिक स्कूल में परिवर्तित कर दिया गया है। वहीं कपूरथला शहर में एलिसी पैलेस, कांजली वेटलैंड्स और शालीमार गार्डन भी प्रमुख आकर्षण के केंद्र हैं। 

कैसे पहुंचे पंजाब के कपूरथला 

हवाई मार्ग के जरिए कपूरथला जाने के लिए अमृतसर में स्थित राजा सांसी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरना होगा। यहां से कपूरथला लगभग 66 किमी दूर है। आगे का रास्ता बस या टैक्सी से तय कर सकते हैं। रेल मार्ग के जरिए जाना चाहते हैं तो सबसे नजदीकी कपूरथला रेलवे स्टेशन है, जो देश के विभिन्न रेल मार्गों से जुड़ा है। दिल्ली से कपूरथला की दूरी लगभग 387 किमी है, तो 6 से 7 घंटे में आसानी से सड़क मार्ग के जरिए यहां पहुंचा जा सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!