Homeप्रदेशछत्तीसगढ़ का रजत महोत्सव: शिक्षा और महिला-बाल विकास विभागों ने शुरू किए...

छत्तीसगढ़ का रजत महोत्सव: शिक्षा और महिला-बाल विकास विभागों ने शुरू किए विविध कार्यक्रम

जगदलपुर, 29 अगस्त 2025/ छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे रजत महोत्सव के तहत विभिन्न विभागों द्वारा उत्सवपूर्ण कार्यक्रमों की शुरुआत हो चुकी है। शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग ने जनता को विकास और प्रगति के प्रति जागरूक बनाने के लिए कई गतिविधियां आयोजित की हैं, जिनमें पुस्तक वाचन, प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक उत्सव शामिल हैं। ये कार्यक्रम स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी को बढ़ावा दे रहे हैं।
शिक्षा विभाग ने एक सप्ताह से अधिक समय के लिए व्यापक कार्यक्रमों की योजना बनाई है। इनमें पुस्तक वाचन दिवस प्रमुख है, जहां सभी स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी कार्यालयों में सामूहिक पुस्तक पढ़ने का आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा, स्कूलों में बाल पंचायत के तहत वाद-विवाद, क्विज और निबंध-लेखन प्रतियोगिताएं हो रही हैं, जो छात्रों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित कर रही हैं। विभाग द्वारा एलुमनाई मीट का भी आयोजन की योजना बनाई गई है, जिसमें वर्ष 2000 के बाद के पूर्व छात्रों को उनके स्कूलों में आमंत्रित किया जा रहा है। ये पूर्व छात्र राज्य के 25 वर्षों के विकास में अपने अनुभव साझा कर रहे हैं, जो वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक साबित हो रहा है। शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही, सरकारी और निजी स्कूलों में रजत जयंती वर्ष पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई गई हैं। एक विशेष पहल के रूप में स्कूलों में एआई साक्षरता सप्ताह मनाया जा रहा है, जो छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बुनियादी जानकारी प्रदान कर रहा है।
दूसरी ओर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में पोषण मेले का आयोजन प्रमुख है, जहां पोषण संबंधी जागरूकता फैलाई जा रही है। आंगनबाड़ियों में बाल मेले के तहत चित्रकला प्रतियोगिताएं और स्कूलों में निबंध-लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं। महतारी सम्मेलन और तीजा-पोरा तिहार जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने महिलाओं और बच्चों की भागीदारी को बढ़ाया है। विभाग द्वारा सभी विकासखंड मुख्यालयों में महतारी मेगा हेल्थ कैंप लगाए गए हैं, जहां स्वास्थ्य जांच और परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा, टीकाकरण अभियान में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रचार-प्रसार किया गया है, जिससे टीकाकरण दर में वृद्धि की उम्मीद है।

उक्त सभी कार्यक्रम छत्तीसगढ़ के रजत महोत्सव का अभिन्न अंग हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य राज्य की 25 वर्षों की यात्रा में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सांस्कृतिक विकास के क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है। जिला प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि ऐसे आयोजनों से न केवल उत्सव का माहौल बनेगा, बल्कि भविष्य के विकास के लिए भी प्रेरणा मिलेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular